राजसमंद में आग से युवक की दर्दनाक मौत
राजसमंद जिले में बीती रात खमनोर थाना क्षेत्र के सिरोही गांव में एक मकान में आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
खमनोर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और मृतक के शव को खमनोर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बताया गया है कि सिरोही गांव में रात करीब 10.30 बजे एक मकान से आग की लपटें निकलती देख ग्रामीणों ने नाथद्वारा नगर पालिका दमकल विभाग को सूचना दी।
लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक मकान में मौजूद लोकेश सिंह राजपूत (26) बुरी तरह से जल चुका था। लोकेश सिंह सूरत में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था। उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन वह अकेला रहता था।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने बताया कि लोकेश के पिता के गांव में दो मकान हैं। एक मकान में परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे, जबकि दूसरे मकान में लोकेश था। दो मंजिला मकान में कुल चार कमरे थे, जिसमें तीन कमरों में मवेशियों का चारा था। एक कमरे में लोकेश सो रहा था।
आग से मकान की छत टूट गई, जिससे ऊपर की मंजिल में रखे सामान को नुकसान पहुंचा। लगभग 50 हजार रुपये का चारा भी जल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।