जयपुर के भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों के लिए एक “व्यापारी संवाद और स्वास्थ्य परिचर्चा” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रख्यात कार्डियक सर्जन डॉ. सुनील शर्मा ने हृदय रोगों के बारे में व्यापारियों को जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय व्यापार उद्योग मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अरुण अग्रवाल थे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सोमानी ने अध्यक्षता की। अतिथियों में प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित परनामी और भरतपुर संभाग अध्यक्ष निरपेश गुप्ता शामिल थे।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजीव आहूजा ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने व्यापारियों को संगठन की ओर से आश्वासन दिया कि संगठन जयपुर के हर व्यापारी के संघर्ष में उनके साथ खड़ा है।
डॉ. अरुण अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों को अब अपनी राजनीतिक भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि वे सदन में अपनी चिंताएँ उठा सकें। जगदीश सोमानी ने कहा कि संगठन को जल्द ही राजस्थान के हर जिले में पहुँचाया जाएगा और हर व्यापार के व्यापारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
अमित परनामी ने कहा कि व्यापारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी समस्याओं को उठाना चाहिए ताकि सरकार उन्हें जल्द से जल्द पहचान सके।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुनील वर्मा, गीयर से पुरूषोत्तम गुप्ता, प्रभात गुप्ता, केसर सिंह जी, बेकरी सोसाइटी के वी पी रूपेश चंदेल, मीडिया पार्टनर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद शर्मा, परम शर्मा और जयपुर फुटवियर एसोसिएशन के वी पी मनीष गाबा भी मौजूद थे।