चित्तौड़गढ़ के सभी शिवालयों में सोमवार देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव को भव्य श्रृंगार से सजाया गया था।
हजारेश्वर महादेव मंदिर में शिव प्रतिमा को ढाई क्विंटल से अधिक फूलों और पत्तों से अलंकृत किया गया। मंदसौर से विशेष रूप से मंगवाए गए फूलों से भगवान का श्रृंगार किया गया।
खडेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ को भांग का विशेष श्रृंगार कर महाकाल के रूप में सजाया गया। 11 किलोग्राम भांग में पंचमेवा मिलाकर महाकाल का चेहरा बनाया गया।
महंत श्री चंद्र भारती ने फूलों और पत्तों से हजारेश्वर महादेव मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया। शाम 8 बजे महा आरती की गई और रात 11 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक श्रद्धालु मंदिर में भगवान के दर्शन करने के लिए पहुंचते रहे।
खडेश्वर महादेव मंदिर में शाम 7:15 बजे महा आरती हुई, जो 45 मिनट तक चली। भगवान को 11 क्विंटल केले, 21 किलोग्राम ड्राई फ्रूट और 21 किलोग्राम मावे की बर्फी चढ़ाई गई, जिसे बाद में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। लगभग 12:30 बजे तक भी भक्तों की कतारें महादेव के दर्शन के लिए लगी रहीं।
भजनों की गंगा ग्रुप द्वारा अगले 30 दिनों तक मंदिर परिसर में भजन गायन किया जाएगा।