कल्याण नाबालिग अपहरण, दुष्कर्म और हत्या आरोपी ने जेल में की आत्महत्या
नवी मुंबई: महाराष्ट्र के कल्याण में एक नाबालिग लड़की के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी विशाल गवली ने रविवार सुबह तलोजा जेल में आत्महत्या कर ली। जेल सूत्रों के अनुसार, गवली ने तड़के 3:30 बजे अपने सेल में तौलिये से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। गवली पर कल्याण में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने और फिर उसकी हत्या करने का आरोप था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में आक्रोश था। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।