व्हाट्सएप भारत सहित दुनिया भर में ठप, उपयोगकर्ता परेशान
नई दिल्ली: लोकप्रिय मैसेजिंग एप व्हाट्सएप भारत सहित दुनिया भर में शनिवार शाम को ठप हो गया, जिसके कारण उपयोगकर्ताओं को संदेश भेजने और स्टेटस अपलोड करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई उपयोगकर्ताओं ने ग्रुप में मैसेज न जाने की भी शिकायत की है।
वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं की रियल टाइम स्थिति बताने वाले प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार, शाम 5 बजे से उपयोगकर्ताओं ने व्हाट्सएप के डाउन होने की शिकायतें करना शुरू कर दिया था। लगभग 8.15 बजे सबसे अधिक 2880 शिकायतें दर्ज की गईं।
व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं को पिछले चार महीनों में दूसरी बार इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले 11 दिसंबर, 2024 को मेटा प्लेटफॉर्म के सभी एप इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और थ्रेड्स मैसेजिंग एप लगभग 3 घंटे के लिए डाउन रहे थे।
डाउनडिटेक्टर के अनुसार, लगभग 90% उपयोगकर्ताओं को संदेश भेजने में समस्या आ रही है, जबकि 8% लोगों को एप और लगभग 3% को वॉइस मैसेज भेजने में दिक्कतें हुईं।
यूपीआई सेवा भी देशभर में 3 घंटे डाउन रही
आज ही, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) सेवा भी देशभर में लगभग तीन घंटे के लिए डाउन रही। सुबह लगभग 11:30 बजे से 1:00 बजे तक सबसे अधिक पेमेंट फेल्योर की रिपोर्ट की गई। दोपहर लगभग 3:00 बजे तक पेमेंट करने में दिक्कतें आती रहीं। बीते 20 दिनों में यह तीसरी बार है जब लेनदेन में समस्या हुई है। सुबह 11.30 से दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
4 अक्टूबर, 2021 को फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म लगभग 6 घंटे तक पूरी दुनिया में बंद रहे थे, जिसके चलते अरबों उपयोगकर्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
3 जुलाई, 2019 को रात आठ बजे भारत, अमेरिका समेत कई देशों में फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम डाउन रहे थे। लगभग साढ़े 9 घंटे डाउन रहने के बाद 4 जुलाई, 2019 को इन्हें ठीक कर लिया गया था।
संबंधित खबर:
* दुनियाभर में इंस्टाग्राम, फेसबुक 3 घंटे डाउन रहा: व्हाट्सएप ने भी काम नहीं किया, 2024 में पहले भी दो बार मेटा सर्विस डाउन हो चुकी।