पश्चिम बंगाल: सिलेंडर विस्फोट में 7 की मौत, मृतकों में बच्चे और महिलाएं शामिल।

दक्षिण 24 परगना: गैस सिलेंडर विस्फोट में 7 की मौत

पाथर प्रतिमा, दक्षिण 24 परगना: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा इलाके में सोमवार रात एक भीषण हादसा हुआ। ढोलाघाट गांव में गैस सिलेंडर फटने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं।

सुंदरबन जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोटेश्वर राव ने बताया कि यह दुखद घटना पाथर प्रतिमा ब्लॉक के ढोलाघाट गांव में रात लगभग 9 बजे घटी। उन्होंने बताया कि सभी शवों को बरामद कर लिया गया है और मरने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं। एक घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुआ, जिसके कारण घर में रखे पटाखे भी जल गए। पटाखों के जलने से आग और तेजी से फैली और इसकी चपेट में आने से 7 लोगों की जान चली गई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या घर में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आग पर काबू पा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है और इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *