कुरुक्षेत्र में महायज्ञ में बवाल, सुरक्षा गार्डों की फायरिंग से ब्राह्मण घायल, तोड़फोड़ और पथराव
कुरुक्षेत्र, हरियाणा: कुरुक्षेत्र में शनिवार सुबह एक महायज्ञ के दौरान आयोजकों के सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित रूप से फायरिंग किए जाने से बवाल मच गया। इस घटना में लखनऊ से आए ब्राह्मण आशीष तिवारी को गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद ब्राह्मणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आयोजकों के साथ मारपीट की। इस झड़प में लखीमपुर के रहने वाले प्रिंस शुक्ला सहित कई अन्य ब्राह्मणों को भी चोटें आई हैं।
गुस्साए ब्राह्मण यज्ञशाला से बाहर निकल आए और उन्होंने तोड़फोड़ और पथराव शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया और डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग भी फाड़ दिए।
इसके बाद ब्राह्मणों ने थीम पार्क के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया और वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकना शुरू कर दिया।
बवाल की सूचना मिलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से हटाया।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ब्राह्मण अभी भी रोड पर जाम लगाकर बैठे हुए थे। घटना को लेकर ब्राह्मणों और आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।