संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से 20 दिसंबर तक: वन नेशन-वन इलेक्शन पर कानून बनने की संभावना

18वीं लोकसभा का पहला शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू होगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी है। यह सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा।

इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पेश किए जाने की संभावना है, जिसमें वन नेशन-वन इलेक्शन और वक्फ विधेयक शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का प्रस्ताव भी इस सत्र में पारित किया जा सकता है।

18वीं लोकसभा का पहला मानसून सत्र 22 जुलाई से 9 अगस्त तक चला था। उस सत्र में कुल 15 बैठकें हुईं थीं, जो लगभग 115 घंटे तक चली थीं। सत्र की उत्पादकता 136% रही थी।

मानसून सत्र में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 23 जुलाई को सदन में केंद्रीय बजट 2024-25 पेश किया था। इस बजट पर कुल 27 घंटे और 19 मिनट तक चर्चा की गई। सत्र में कुल 65 निजी सदस्य विधेयक भी पेश किए गए थे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि मानसून सत्र में देश के कई हिस्सों में आई भूस्खलन, बाढ़ और जान-माल के नुकसान पर भी चर्चा हुई थी। साथ ही ओलिंपिक में भारत की तैयारियों पर भी चर्चा हुई थी।

मानसून सत्र की मुख्य बातें

* वक्फ अधिनियम संशोधन विधेयक पेश किया गया, लेकिन अब इसे जेपीसी को भेज दिया गया है।
* 8 अगस्त को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ कानून (संशोधन) विधेयक पेश किया था। लेकिन बाद में केंद्र सरकार ने इसे संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेज दिया। इस विधेयक का विपक्षी दलों ने विरोध किया।
* 48.20 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया।
* वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 23 जुलाई को लगातार सातवीं बार बजट पेश किया। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, किसान, महिला और युवाओं पर ध्यान दिया। नीतीश कुमार के बिहार और चंद्रबाबू नायडू के आंध्र प्रदेश पर केंद्र सरकार ने विशेष ध्यान दिया।
* पहली नौकरी वाले जिनकी सैलरी 1 लाख रुपये से कम होगी, उन्हें सरकार अधिकतम 15 हजार रुपये तीन किश्तों में देगी।
* अग्निवीर और जातिगत जनगणना पर विवाद हुआ।
* 30 जुलाई को संसद सत्र के सातवें दिन अग्निवीर और जातिगत जनगणना पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, राहुल गांधी और अखिलेश यादव भिड़ गए।
* जयशंकर संसद में बोले- बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले हुए।
* बांग्लादेश के हालात पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 6 अगस्त को संसद के दोनों सदनों में बयान दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया गया है। यह चिंता की बात है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी हमला किया, जिसके बाद हालात बिगड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *