हरियाणा में आज भारी बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग ने आज हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। सोनीपत, पानीपत, करनाल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, दक्षिण हरियाणा और यमुनानगर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। शेष जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल मंगलवार को सोनीपत में सर्वाधिक 9.5 मिमी बारिश हुई, जबकि पानीपत में 4.5 मिमी, रेवाड़ी और गुरुग्राम में 1-1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
तापमान में गिरावट
बारिश के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को सिरसा का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पहले 41 डिग्री के आसपास था। वर्तमान में, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 20 जुलाई तक राज्य में 94.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश (147.5 मिमी) से 36% कम है। 1 जुलाई को मानसून के राज्य में प्रवेश करने के बाद से, अधिकांश जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। हालाँकि, दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़, चरखी-दादरी, रेवाड़ी और उत्तर हरियाणा में मानसून की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई।
24 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के डॉ. मदन खीचड़ ने कहा है कि पंजाब से सटे पाकिस्तान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून द्रोणिका की अक्षय रेखा दक्षिण से उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे हरियाणा में बारिश और तेज होने की उम्मीद है। 24 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। बारिश के दौरान बादल छाने और तेज हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।