हरियाणा में भीषण गर्मी की दस्तक, 13 जिलों में लू का येलो अलर्ट
चंडीगढ़, 22 अप्रैल: हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है और गर्मी लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रोहतक राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 13 जिलों में लू (हीट वेव) चलने की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूह, झज्जर, रोहतक, पलवल और फरीदाबाद शामिल हैं। उत्तरी हरियाणा के जिलों में फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन राजस्थान से सटे जिलों में गर्मी बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और 22, 23, 24 और 25 अप्रैल को कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार से हीट वेव का दायरा और बढ़ सकता है, जिससे जींद और सोनीपत भी प्रभावित हो सकते हैं। बुधवार को 15 जिलों में हीट वेव का असर दिखने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में नारनौल के तापमान में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई, जहाँ अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री गिरकर 36.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं करनाल में सबसे ज्यादा 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे यहाँ का तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पहुँच गया।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।