नूंह: विवाहिता लापता, पिता सदमे में, पीजीआई में भर्ती
नूंह, हरियाणा: नूंह जिले के जयसिंहपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव से एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती का विवाह छह माह पूर्व हुआ था और वह काफी समय से अपने मायके में रह रही थी।
युवती के लापता होने से उसके पिता को गहरा सदमा लगा, जिसके चलते वह कोमा में चले गए हैं। वह रोहतक पीजीआई में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
लड़की अपने साथ सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर गई है। पुलिस ने गुमशुदा लड़की की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पांच दिन बीत जाने के बाद भी लड़की का कोई सुराग नहीं लगा है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दो लड़के और पांच लड़कियां हैं। उन्होंने करीब छह महीने पहले अपनी तीन लड़कियों की शादी एक साथ की थी। तीनों में से सबसे छोटी लड़की उसी दिन से अपने मायके में रह रही थी। लड़की को शादी में दिए हुए जेवर और अन्य सामान भी घर पर ही रखा हुआ था।
11 अप्रैल की रात करीब 1 बजे उनकी लड़की बिना किसी को बताए घर से निकल गई, जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
पीड़िता ने बताया कि उनकी लड़की शादी में दिया गया सभी आभूषण, जिनमें 2 लाख 60 हजार रुपये नकद, 12 तोला सोना, 3 किलो चांदी सहित अन्य छोटी-मोटी चीजें थीं, सब लेकर गायब हो गई है। पूरा परिवार उसकी तलाश में जुटा हुआ है।
महिला ने आशंका जताई है कि उनकी लड़की को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और आरोपी ने उसे किसी अपराध को अंजाम देने के लिए छुपा कर रखा है।
उन्होंने बताया कि जैसे ही उनकी लड़की घर से निकली, उनके पति इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाए और कोमा में चले गए। वे अभी भी रोहतक पीजीआई में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।