अंबाला: बंगाल हिंसा पर अनिल विज का ममता बनर्जी पर तीखा हमला, दिग्विजय सिंह पर भी साधा निशाना
अंबाला, [तारीख] | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल में वक्फ बिल पर हो रही हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को ‘रियल टाइम एक्शन’ फिल्में देखने का शौक है।
विज ने कहा, “ममता बनर्जी को अब यह शौक हो गया है कि सड़कों पर आग लगी रहे, लोगों की दुकानें जलती रहें और लोग एक-दूसरे का पेट फाड़ते रहें। यह सब देखना ममता बनर्जी का शौक है और वह कुछ महीनों के बाद ये एक्शन मूवी कर लेती हैं।”
बंगाल में हो रही हिंसा पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, यह समय-समय पर दोहराई जाती है। उन्होंने कहा कि जो कानून संसद के दोनों सदनों में पारित हो गया, उस पर विरोध का मामला चिंतनीय है। ममता बनर्जी की सरकार को इस पर चिंतन करना चाहिए कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है और सिर्फ उन्हीं के प्रदेश में ही क्यों हो रहा है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दस भाजपा नेताओं को आईएसआई का एजेंट बताने पर अनिल विज ने पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह का काम मनगढ़ंत कहानियां बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले चंदा मामा की कहानियां आती थीं, अब दिग्विजय सिंह की कहानियां आती हैं। मंत्री विज ने कहा कि देश के गद्दारों से हाथ मिलाने का काम कांग्रेस का है, भाजपा का एक भी नेता देश के गद्दारों के साथ नहीं मिल सकता।
मुंबई हमले के प्रमुख साजिशकर्ता आतंकी तहव्वुर राणा द्वारा एनआईए के सामने पाकिस्तान के राज खोलने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 166 लोगों की मौत का जिम्मेदार तहव्वुर अभी तोते की तरह बोलेगा और सब राज उगलेगा कि किसके कहने पर उसने यह सब किया।