करनाल में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, परिवार में मातम
करनाल, : करनाल के मेरठ रोड पर 16 मार्च की रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 32 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान मुस्ताबाद निवासी विक्की के रूप में हुई है, जो मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विक्की रात में काम से घर लौट रहा था तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान आज उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के चचेरे भाई संजय ने बताया कि विक्की ही घर का एकमात्र सहारा था। उसके परिवार में एक भाई और पिता हैं, जो दोनों ही अपाहिज हैं। विक्की के तीन छोटे बच्चे भी हैं। विक्की की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक को जल्द पकड़ने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि विक्की की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। विक्की की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
