हरियाणा: महायज्ञ में ब्राह्मणों पर गोलीबारी, आक्रोशित ब्राह्मणों का प्रदर्शन, लाठीचार्ज।

कुरुक्षेत्र में महायज्ञ में बवाल, सुरक्षा गार्डों की फायरिंग में एक ब्राह्मण घायल, तोड़फोड़ और पथराव

कुरुक्षेत्र, हरियाणा: कुरुक्षेत्र में शनिवार सुबह एक महायज्ञ के दौरान उस समय तनाव व्याप्त हो गया जब आयोजकों के सुरक्षा गार्डों ने ब्राह्मणों पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इस घटना में लखनऊ से आए आशीष तिवारी नामक एक ब्राह्मण को गोली लग गई, जिससे वहां मौजूद अन्य ब्राह्मण भड़क उठे।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद ब्राह्मणों और आयोजकों के बीच मारपीट हुई जिसमें लखीमपुर खीरी के प्रिंस शुक्ला भी घायल हो गए। अन्य ब्राह्मणों को भी चोटें आई हैं।

गुस्साए ब्राह्मण यज्ञशाला से बाहर निकले और उन्होंने तोड़फोड़ व पथराव शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया और डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग फाड़ दिए।

इसके बाद, आक्रोशित ब्राह्मणों ने थीम पार्क के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया और वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकने लगे।

बवाल की सूचना मिलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से हटाया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ब्राह्मण रोड पर जाम लगाकर बैठे हुए थे।

घटना को लेकर ब्राह्मणों और आयोजकों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *