जींद: भाजपा प्रदेश को पीछे धकेल रही, कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष भी नहीं चुन पा रही – दुष्यंत चौटाला
जींद । जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को जींद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। जींद स्थित जेजेपी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा को हर क्षेत्र में पीछे ले जा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार के बजट को ‘नई बोतल में पुरानी शराब’ बताया।
चौटाला ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी एक व्यक्ति के दबाव में गर्त में जा रही है और नेता प्रतिपक्ष तक का चुनाव नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस में इतनी कमजोरी है कि प्रदेश की जनता के हितों की आवाज सड़क से विधानसभा तक उठाने की उम्मीद करना बेमानी है।”
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल कागजों में प्रदेश का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण हरियाणा कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। चौटाला ने सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताया।
चौटाला ने गेहूं खरीद की तैयारियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि गेहूं की लिफ्टिंग के लिए अभी तक टेंडर नहीं हो पाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की स्थिति को कमजोर बताते हुए कहा कि उन्हें मंडियों से गेहूं की लिफ्टिंग के लिए ठेकेदारों के साथ बैठक करनी पड़ रही है।
पंजाब में किसानों पर हुई कार्रवाई को दुष्यंत चौटाला ने बर्बर बताया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार का किसानों के प्रति असली चेहरा उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र, पंजाब और हरियाणा सरकार किसानों को कमजोर करने में लगी हैं।
इस दौरान पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा और जिला प्रधान जोरा सिंह डूमरखां भी उनके साथ मौजूद रहे।