हरियाणा के 7 जिलों में बिहार दिवस मनाया जाएगा।

करनाल में 23 मार्च को बिहार दिवस का भव्य आयोजन, देशभर में भाजपा का कार्यक्रम

करनाल, – भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने कर्ण कमल कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि बिहार दिवस के अवसर पर देशभर में 75 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हरियाणा में करनाल समेत 7 जिलों को चुना गया है जहां बिहार मूल के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। इन जिलों में करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं।

करनाल में यह कार्यक्रम 23 मार्च को अनमोल गार्डन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बिहार से आए सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है। बिहार के टिकारी विधानसभा से विधायक अनिल कुमार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि भाजपा देशभर में 75 स्थानों पर बिहार दिवस मना रही है। हरियाणा के जिन 7 जिलों में यह कार्यक्रम होगा, वहां बिहार के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बिहार सरकार की ओर से एक-एक कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।

डॉ. गुप्ता ने बिहार मूल के लोगों के देश की प्रगति में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कृषि, मंडियों, मिलों और पानीपत की हैंडलूम इंडस्ट्री जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन लोगों को सम्मान देने के लिए भाजपा ने पूरे देश में बिहार दिवस मनाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 23 मार्च को कुरुक्षेत्र में आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार और हरियाणा के लोगों के बीच आपसी भाईचारे और संस्कृति को बढ़ावा देना है। भाजपा पहली बार हरियाणा में इस स्तर पर बिहार दिवस का आयोजन कर रही है, जिससे प्रवासी बिहारियों को विशेष सम्मान मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *