दहेज के लिए विधवा महिला को प्रताड़ित, सास और ननदों पर मामला दर्ज
नारनौंद (हिसार), | नारनौंद में एक विधवा महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता सुमित देवी ने अपनी सास और ननदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुमित देवी की शादी 2013 में प्रदीप से हुई थी। 2022 में प्रदीप की मृत्यु के बाद से ही सास कमला, ननद सीमा, सीमा के पति राकेश और ननद सुशील देवी द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा था। पीड़िता ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, जून माह में सास ने ननद और ननदोई के कहने पर उन्हें घर से निकाल दिया, जिसके बाद से वह किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ननदोई राकेश ने कई बार उनके साथ बदतमीजी की और मायके से जबरन 4 लाख रुपए मंगवाए गए। शिकायत करने पर सास ने उन्हें बच्चों सहित घर से बाहर कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने मायके से मंगवाए 4 लाख रुपए भी वापस नहीं किए हैं और उनके पिता द्वारा दी गई स्कूटी भी छीन ली गई है। पति के नाम पर दो एकड़ जमीन है, जिसमें से केवल डेढ़ एकड़ जमीन उन्हें दी गई है। बाकी जमीन और मकान का हिस्सा देने से आरोपी इनकार कर रहे हैं।
नारनौंद थाना पुलिस ने सास कमला, ननद सीमा, सुशील देवी और राकेश के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।