गुरुग्राम में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित, मोटे अनाज पर जोर
गुरुग्राम, – कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा सोहना के देवी लाल स्टेडियम में एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन सोहना विधायक के बेटे मनोज तंवर ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
श्री तंवर ने इस अवसर पर कहा कि सरकार मोटे अनाज को प्रोत्साहित करने के लिए किसान मेलों का आयोजन कर रही है। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज में पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जिनमें ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का और जौ जैसे अनाज शामिल हैं।
मेले में मोटे अनाज की स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहाँ बाजरा, कंगनी, ज्वार, कुटकी, रागी, शामक, कुटू, कोड़ो, छेना और राजगीर का प्रदर्शन किया गया। किसानों ने इन अनाजों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल कुमार और एग्रीकल्चर ऑफिसर अरुण सोलंकी ने भी किसानों को संबोधित किया। जीडी गोयंका के छात्रों ने लघु नाटक के माध्यम से होली पर केमिकल रंगों और मिठाइयों से बचने का संदेश दिया।
मेले में नवीनतम कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। किसानों ने खाद-बीज और पौधों के बारे में भी जानकारी हासिल की। विशेष रूप से कीटनाशक छिड़काव के लिए ड्रोन का प्रदर्शन किया गया, जिसे किसानों ने बड़ी रुचि से देखा।
इस अवसर पर श्रेष्ठ महिला किसानों को भी सम्मानित किया गया।