महेंद्रगढ़ में पंचायती भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए, 5 लोगों को 3 दिन का अल्टीमेटम
महेंद्रगढ़, | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में आज प्रशासन ने पुलिस की सहायता से पंचायती भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। यह कार्रवाई गांव पाली में की गई, जहां ग्राम पंचायत ने अवैध कब्जों की शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पाली के नजदीक बस स्टैंड पर स्थित पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे हटाने के लिए नवदीप सिंह, खंड एवं पंचायत अधिकारी महेंद्रगढ़ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई दोपहर में शुरू हुई और लगभग ढाई-तीन बजे तक चली। पंचायत ने कुल 20 लोगों को अवैध कब्जे हटाने के नोटिस जारी किए थे, जिनमें से आज 15 व्यक्तियों के कब्जे हटा दिए गए। शेष 5 व्यक्तियों को रिहायशी और पशुधन संबंधी निर्माणों को हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
हालांकि कार्रवाई के दौरान मौके पर मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ। प्रशासन ने शांतिपूर्वक ढंग से अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया को पूरा किया।