हरियाणा के सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा रविवार को झज्जर शहर में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वहां कहा कि हरियाणा की जेलों से आने वाले फोन कॉल या धमकी भरे संदेशों की व्यवस्था को समाप्त कर दिया जाएगा।
झज्जर पहुंचने पर मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। जेलों से मिल रही धमकियों के सवाल पर जेल राज्यमंत्री ने कहा कि जेलों में काफी सुधार हुए हैं। अगर कहीं भी आपको ऐसा दिखाई देता है, तो मैं चुनौती के साथ कहता हूं कि सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब प्रदेश की जेलों से धमकी भरे फोन कॉल और संदेशों की व्यवस्था को खत्म कर दिया जाएगा।
कांग्रेस के बारे में पूछे जाने पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अभी भी हार के सदमे से बाहर नहीं निकल पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठ का इतना बड़ा पुलिंदा बनाया है। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि इस सदमे से बाहर निकलें और सच्चाई को पहचानें। 36 बिरादरियों के आशीर्वाद से तीसरी बार हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है।
कांग्रेस पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष का चुनाव न करने को लेकर मंत्री ने कहा कि यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है। हरियाणा के पर्यटन स्थलों के बारे में डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। वह सभी पर्यटन स्थलों को देख रहे हैं। प्रदेश के पर्यटन स्थलों को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा ताकि हरियाणा प्रदेश पर्यटन में और भी आगे बढ़ सके।