मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कनिपला गांव में भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर ग्रामीण जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस एक ओर देश को जोड़ने की यात्रा लेकर चलती है, लेकिन उसके भीतर कुछ और ही है। अंदर से वह देश को तोड़ने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए लाडवा के लोगों से अपील की कि हलके के प्रत्येक घर से सदस्य बने और हलके से एक लाख सदस्यों के रूप में भाजपा से जुड़ने का काम करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जो चेहरा और चरित्र है, वह जनता के सामने स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। कांग्रेस कोई भी ऐसा काम नहीं छोड़ती, जिससे देश का नुकसान होता हो और ऐसे काम में सबसे पहले जाकर समर्थन करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के चलते भय का माहौल था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खत्म करने का काम किया और भय के माहौल को समाप्त किया। सीएम ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला की पार्टी ने अपने घोषणापत्र में लिखा था कि हम सत्ता में आएंगे तो 370 को वापस लाएंगे और यही कांग्रेस की सोच है कि राहुल ने जाकर उनका समर्थन किया। अब जब फारूक अब्दुल्ला की पार्टी ऐसा बिल लेकर आई तो कांग्रेस ने उसका समर्थन किया। ऐसा चरित्र है कांग्रेस का, जो देश को तोड़ने का काम करती है।
लाडवा बाईपास को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा की सबसे बड़ी मांग बाईपास की थी, जिसे उन्होंने न केवल मंजूर कराया, बल्कि जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शपथ लेने के बाद जब वे नितिन गडकरी से मिले थे तो सबसे पहले पेहोवा से कुरुक्षेत्र तक बाईपास, लाडवा बाईपास से यमुनानगर तक फोर लेन सड़क को मंजूरी दिलाने का काम किया है। सीएम ने कहा कि हलके ही नहीं, राज्य के लोगों की किसी भी मांग को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा और विकास कार्य तेज गति से पूरे कराए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने खेल स्टेडियम, हरिजन चौपाल, मैरिज पैलेस खोलने, पावर हाउस बनाने जैसी मांगों को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
देश में 10 करोड़ से ज्यादा सदस्य बने
सीएम ने कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान को डेढ़ महीने पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुरू किया था। पूरे देश में इस अवधि में 10 करोड़ से ज्यादा सदस्य भाजपा के बन चुके हैं। सीएम ने अपील की कि एक भी घर से एक भी व्यक्ति न छूटे और हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बने।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष सुशील राणा, पिहोवा से पार्टी प्रत्याशी जयभगवान शर्मा डीडी, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, सरपंच सुखदेव सिंह, धर्मवीर, मुकेश फौजी, देशराज शर्मा, पृथ्वी सिंह, जरनैल सिंह, जसमेर सिंह लाठर, राज लाठर, कर्मचंद, निर्मल कोलहापुर, जितेंद्र खैरा, परमजीत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।