करनाल के इंद्री थाना क्षेत्र के खेड़ी मान सिंह गांव के निकट पश्चिमी यमुना नहर से एक शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है और काफी बुरी तरह से सड़ा हुआ है।
मृतक के शरीर पर सिर्फ ग्रे रंग की पैंट थी, जो घिसने से फट गई है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं और एक हाथ भी टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है।
ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50 साल है और वह एक सिख व्यक्ति था। शव नहर में फंसा हुआ था, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह 7-8 दिन पुराना है।
इंद्री थाना के सब इंस्पेक्टर मोहित ने बताया कि ईआरवी से नहर में शव मिलने का मैसेज आया था। मृतक की पहचान के लिए उसके कपड़ों की भी तलाशी ली गई, लेकिन कोई पहचान पत्र नहीं मिला। फिलहाल, शव को 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। अगर पहचान नहीं हो पाती है, तो 72 घंटे बाद शव का दाह संस्कार करवा दिया जाएगा।