हरियाणा के पानीपत में एसिड अटैक की सनसनीखेज घटना
पानीपत। हरियाणा के पानीपत शहर में एक महिला पर उसके ही रिश्तेदारों द्वारा एसिड अटैक किया गया है। इस घटना में महिला की हालत गंभीर है।
घटना एकता विहार इलाके की है, जहां रहने वाली शमशाना नामक महिला पर शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे उसके नंदोई कासिम और उसके बेटे पिल्लू ने हमला किया। महिला सब्जी लेने गई थी जब उस पर पीछे से कुछ ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया गया।
हमले के बाद शमशाना को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामला दर्ज कर लिया गया है।
सिविल अस्पताल के डॉ. विकास ने बताया कि प्राथमिक जांच में शमशाना पर विट्रोइल अटैक का मामला सामने आया है। महिला को भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया है। उसके स्वाब सैंपल मधुबन लैब भेज दिए गए हैं।
पुलिस प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।