जींद में भाजपा सदस्यता अभियान की बैठक, उचाना बनेगा नंबर वन

हरियाणा के जींद जिले के उचाना में भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर रजबाहा रोड स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री उपस्थित रहे।

भाजपा विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले सदस्यता अभियान के दौरान बूथ स्तर पर पूरे हरियाणा में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उचाना हलका सदस्य बनाने के मामले में पूरे प्रदेश में नंबर वन पर आएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य उचाना में 50 हजार सदस्य बनाने का है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में जो जोश देखने को मिल रहा है, उससे लगता है कि उचाना से एक लाख सदस्य बनेंगे।

विधायक अत्री ने कहा, “मैं जो कुछ भी हूं, वह कार्यकर्ताओं की बदौलत हूं। मैं उचाना के विकास का सपना साकार करूंगा। पहले उचाना हलके में क्या होता था, यह हम सभी जानते हैं। विधायक से मिलने के लिए लोगों को चंडीगढ़ और दिल्ली जाकर कतारों में लगना पड़ता था।”

उन्होंने कहा, “मतदाताओं ने एक साधारण परिवार के युवा पर जो भरोसा दिखाया है, उसकी मैं जिम्मेदारी निभाऊंगा। मैं लोगों के बीच रहूंगा और उनके घरों के दरवाजे हलके के लोगों के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे। उचाना मेरा परिवार है।”

अत्री ने कहा कि जिस तरह से उन्होंने चुनाव में कड़ी मेहनत की और जीत हासिल कर सत्ता में भागीदारी की, उसी तरह अब अधिक से अधिक सदस्य बनाने हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ से लोगों को पार्टी से जोड़ने को कहा।

उन्होंने विश्वास जताया कि तीन दिनों के बाद उचाना हलके में सबसे अधिक सदस्य होंगे।

इस बैठक में डॉ. रामचंद्र जांगड़ा, मिट्ठू शर्मा, रामचंद्र अत्री, नीरज गोस्वामी, सतीश जांगड़ा, सतीशा देवी, बलवान कापड़ो, महेंद्र लोधर, चांदी मांडी, श्रीकांत कसूहन, नरेश सौंगरी, प्रमोद पालवां, मनोज अलीपुरा, मीटू वकील, देवेंद्र मंगलपुर, सतपाल अत्री और सतीश जोगी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *