कोलकाता में खुलेगा देश का सबसे बड़ा ईवी चार्जिंग हब, एक साथ चार्ज हो सकेंगे 300 वाहन
कोलकाता: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा और भारत का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन खुलने जा रहा है। इस स्टेशन पर एक साथ 300 वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा।
यह ईवी चार्जिंग हब साउथ कोलकाता के ठाकुरपुकुर में बनाया जा रहा है और इसके अगस्त 2025 तक शुरू होने की उम्मीद है। इसमें स्लो और फास्ट दोनों तरह के चार्जर होंगे, जिनकी लोड कैपेसिटी 120 kWh तक है। कोलकाता के इस चार्जिंग हब में 20 फीसदी फास्ट चार्जर शामिल होंगे।
वर्तमान में, दुनिया का सबसे बड़ा ईवी चार्जिंग स्टेशन चीन में है, जहाँ एक साथ 650 वाहन चार्ज किए जा सकते हैं। कोलकाता में खुलने से पहले, गुरुग्राम में बना चार्जिंग स्टेशन देश का सबसे बड़ा ईवी चार्जिंग हब है, जहाँ एक साथ 160 वाहन चार्ज किए जा सकते हैं।
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि
भारत ने 2024 में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले साल 19,49,114 यूनिट्स ईवी की बिक्री हुई, यानी हर दिन करीब 5,325 इलेक्ट्रिक वाहन बिके। 2023 की तुलना में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बिक्री में 27 फीसदी का इजाफा हुआ है। 2023 में 15,32,389 यूनिट्स इलेक्ट्रिक वाहन बिके थे, जिनमें 59 फीसदी हिस्सा टू-व्हीलर्स की सेल का है। देश में इलेक्ट्रिक बसों की बिक्री में भी 59 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि इलेक्ट्रिक पैसेंजर्स व्हीकल की सेल में 22 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है।