दहेज उत्पीड़न से तंग आकर नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
फरीदाबाद, हरियाणा: फरीदाबाद जिले में दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर एक नवविवाहिता ने अपने घर की पहली मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 19 वर्षीय खुशबू के रूप में हुई है, जिसकी शादी 26 फरवरी, 2025 को हुई थी।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली कि एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में पति गौतम कुमार, सास ललिता देवी, ननद सुनीता और नंदोई मिथिलेश शामिल हैं। इन सभी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप है।
मृतका के जेठ पवन कुमार ने बताया कि खुशबू की शादी उनके भाई गौतम से हुई थी और शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। उन्होंने कहा कि खुशबू घर के सभी सदस्यों के साथ अच्छे से रहती थी और घटना वाले दिन भी उसने सभी के लिए खाना बनाया और खिलाया था।
पवन के अनुसार, रात को खुशबू अपने कमरे में सोने चली गई थी। रात 11 से 12 बजे के बीच खुशबू के भाई का फोन आया, जिन्होंने उससे खुशबू के कमरे में जाकर देखने के लिए कहा। जब वे कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और अंदर खुशबू को पंखे के हुक से चुन्नी के सहारे लटका हुआ पाया गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतिका खुशबू के पिता सुरेंद्र पाल की शिकायत पर सिकरौना पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतिका की शादी पिछले महीने, यानी 26 फरवरी को ही हुई थी।